श्री बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर शहर में ट्रक की किस्त बकाया होने का हवाला देकर चालक से मारपीट और रुपये छीनने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार की रात करीब आठ बजे भवनाथपुर मोड़ के समीप इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर हुई। मामले में शनिवार को ट्रक मालिक ने नगर ऊंटारी थाना में आवेदन देकर आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। टना के संबंध में ट्रक चालक मेराल थाना क्षेत्र निवासी पिंटू कुमार रवि ने बताया कि वह कांडी से सीमेंट लेकर गढ़वा जा रहा था। इसी दौरान चार बाइक पर सवार करीब आठ से दस युवकों ने उसके ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। भवनाथपुर मोड़ के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप युवकों ने ट्रक को रुकवा लिया। चालक के अनुसार युवकों ने ट्रक की किस्त फेल होने की बात कहते हुए खुद को गाड़ी सीजर बताया। इसके बाद ट्रक जब्त करने की बात कहकर उसे नीचे उतारा गया। चालक का आरोप है कि नीचे उतरते ही युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके पास मौजूद 5 हजार 250 रुपये भी छीन लिये गये।चालक ने बताया कि घटना के दौरान उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने की कोशिश की। इससे युवक उत्तेजित हो गये और उसके साथ मारपीट करने लगे। चालक द्वारा शोर मचाने पर सभी युवक मौके से फरार हो गये।घटना को लेकर ट्रक मालिक खरौंधी थाना क्षेत्र के करिवाडीह गांव निवासी ललित कुमार सिंह ने नगर ऊंटारी थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश राज ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। ट्रक मालिक द्वारा आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

