सगमा(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हो रही तेज बारिश और खराब मौसम के कारण सोनड़ीहा गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बारिश के दौरान एक बड़ा महुआ का पेड़ गिरने से बिजली के तारों और विद्युत व्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे में करीब चार बिजली के खंभे टूट गए, जबकि बिजली के तार भी जमीन पर गिर गए हैं। इससे गांव के करीब 100 घरों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है और ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं पेयजल व्यवस्था भी बाधित है। रात के समय लोगों को सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जमीन पर गिरे बिजली के तारों से किसी व्यक्ति या पशु के संपर्क में आने पर गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर विभागीय टीम भेजकर टूटे चारों बिजली के खंभों को तत्काल बदलवाया जाए और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत कर विद्युत लाइन को सुरक्षित तरीके से बहाल किया जाए। ग्रामीणों ने जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्य में ग्रामीण पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

