केतार(गढ़वा):प्रखंड के मुकुंदपुर गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।गांव निवासी दीपक वर्मा के घर के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से करीब 21 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में अंधेरा पसरा होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।वर्तमान में धान रोपाई का मुख्य सीजन चल रहा है,लेकिन बिजली न होने के कारण किसानों के कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।इसके साथ ही, बच्चों की पढ़ाई और महिलाओं के दैनिक घरेलू कामकाज भी ठप पड़ गए हैं। शाम ढलते ही पूरा वितरण क्षेत्र अंधेरे की आगोश में डूब जाता है,जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।विकट बिजली संकट से आक्रोशित ग्रामीण महिलाओं ने ट्रांसफार्मर के पास एकत्रित होकर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण महिलाएं गीता देवी,सुधा देवी,अमरावती देवी,लाईची देवी,गुड़ी देवी,आशा देवी, सुनैना देवी और सुमित्रा देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने दो टूक कहा कि यदि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया,तो उनकी समस्याएं और अधिक गंभीर हो जाएंगी। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल और ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में जब बिजली विभाग के कनीय अभियंता महादेव महतो से बात की गई,तो उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना मिल चुकी है। विभागीय प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और शीघ्र ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर गांव की बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

