केतार(गढ़वा)पलामू जिले के केतार थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसडीह गांव के बीघा टोला में एक शादी समारोह उस समय मातम और विवाद में बदल गया।जब द्वारपूजा और जयमाल के बाद आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम हिंसक झड़प का शिकार हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि विवाह की रस्में अधूरी रह गईं और बारात बिना दुल्हन लिए बैरंग वापस लौट गई।विदित है कि बिगहा टोला निवासी ददई पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी हो रही थी। जयमाल के बाद मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई,जो देखते ही देखते लाठी-डंडों के बीच हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हंगामे के कारण माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि शादी की बाकी रस्में संपन्न नहीं हो सकीं।इस मामले में ऊंटारी थाना क्षेत्र निवासी दूल्हे के पिता दशरथ राम ने केतार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में परसोडीह पंचायत की मुखिया बसंती देवी, उनके पति कलेंदर पासवान, भानू पासवान और विष्णु पासवान को नामजद किया गया है।जबकि 10 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन पर कुल 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमा नुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।हालांकि विवाद के बाद उपजे तनाव के बीच बुधवार को दोनों परिवारों के बीच रजामंदी बनी। ग्रामीणों और वरिष्ठ लोगों की मध्यस्थता के बाद दिन में ही शादी संपन्न कराई गई।जिसमें गांव के सैकड़ों लोग साक्षी बने।

