बंशीधर नगर : श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान शंकर उरांव के 18 वर्षीय पुत्र गोविंद उरांव के रूप में हुई है। वह गढ़वा थाना क्षेत्र के गुरदी गांव का रहने वाला है। घटना बीती रात करीब दो बजे की है। वह अपने नानी के घर जंगीपुर में ही रहता था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार गोविंद उरांव बुधवार देर रात किसी व्यक्ति को बाईक से छोड़कर अपने नानी के घर जंगीपुर लौट रहा था। इसी बीच घर पहुचने से पहले कुछ ही दूरी पर पीछे से बाईक पर पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली युवक की गर्दन और पीठ के बीच हिस्से में जा फंसी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को पहले अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिये सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है। उधर घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक को गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

