बंशीधर नगर : आरके पब्लिक स्कूल अधौरा में बुधवार को इंटर हाउस कराटे प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश पाण्डेय ने दीप जलाकर किया। तत्पश्चात विद्यालय के चारों हाउस गंगा, यमुना, सरस्वती एवं कावेरी के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में पूरे उत्साह एवं जोश के साथ भाग लिया। सफेद कराटे ड्रेस में सजे प्रतिभागियों की अनुशासित परेड ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय विद्यालय के शिक्षक राहुल सोनी, रविकांत चौबे और लक्की गुप्ता द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता को कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में काता और कुमिते श्रेणियों में आयोजित किया गया। काता में विद्यार्थियों ने कराटे की तकनीकों का लयबद्ध एवं संतुलित प्रदर्शन कर अपनी एकाग्रता का परिचय दिया। वहीं कुमिते के मुकाबलों में प्रतिभागियों ने फुर्ती, सटीकता एवं आत्म-नियंत्रण का शानदार नमूना पेश किया।
प्रत्येक दांव में आत्मरक्षा का संदेश स्पष्ट था। अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को और सुदृढ़ करने में सफल रही। वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 9 के छात्र वेद प्रकाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि शौर्य प्रताप देव ने द्वितीय तथा कड़े मुकाबले के बाद शुभन यादव एवं आर्यन चौबे को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। कनिष्ठ वर्ग में भी बच्चों ने अद्भुत प्रतिभा दिखाई। कक्षा 2 से अमित कुमार, कक्षा 3 से शिवाय सिंह, कक्षा 4 से साक्षी देव एवं शिवानी तथा कक्षा 5 से आरुषि एवं प्राची केश्वी ने पुरस्कार जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रधानाचार्य राजेश पाण्डेय ने सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र, मैडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर विद्यालय के कराटे प्रशिक्षक मनोज सेंसी को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिये विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर बेस्ट कोच अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं अथक परिश्रम के कारण ही विद्यार्थी कराटे के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाईयां छू रहे हैं। अपने संबोधन में स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुये कहा कि कराटे केवल मार्शल आर्ट नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह अनुशासन, धैर्य, आत्म-नियंत्रण और आत्मरक्षा सिखाता है। उन्होंने वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के सभी विजेताओं को बधाई दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक अखिलेश पाण्डेय, प्रतिभा कुमारी, श्रीसंत पाण्डेय, प्रीति देव, सुप्रिया कुमारी, प्रीति देवी, प्रिया कुमारी, प्रीति सोनी, कार्तिकेय, रेणु, अहसन अली, आयुष राज एवं सुफिया नाहिद का सराहनीय योगदान रहा।यमुना हाउस ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। खेल प्रभारी के धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

