सगमा प्रखंड क्षेत्र में चैत्र नवरात्र और हिन्दू नव वर्ष की शुरुआत श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुई। अहले सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। क्षेत्र के सगमा, सारदा, पुतूर, शोनडीहा, बीरबल, घघरी, दुसैया, चैनपुर और मकरी गांवों में स्थित मंदिरों में महिला, पुरुष और बच्चों ने मिलकर पूजा-अर्चना की।नवरात्र के शुभ अवसर पर जगह-जगह कलश स्थापना कर विधिवत पूजा की जा रही है। मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी आश्रम के काली शक्ति पीठ में झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से आए दर्जनों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से कलश स्थापित कर अनुष्ठान शुरू किया है।काली शक्ति पीठ के प्रबंधक बिहारी राम ने जानकारी दी कि यहां सामूहिक अनुष्ठान करने वाले श्रद्धालुओं को आश्रम की ओर से हर संभव सुविधा और सहयोग प्रदान किया जाता है। वहीं बीरबल गांव के सूर्यनारायण मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ और कलश स्थापना की जा रही है।पूरा क्षेत्र इन दिनों भक्ति और आस्था के रंग में डूबा हुआ नजर आ रहा है।

