
सगमा/धुरकी(गढ़वा):मंगलवार को धुरकी थाना परिसर में आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी (सीओ) विमल कुमार सिंह एवं प्रभारी थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के शिक्षक, बुद्धिजीवी, पूजा समिति के सदस्य, समाजसेवी तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ विमल कुमार सिंह ने कहा कि सरस्वती पूजा ज्ञान, शांति और सद्भाव का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी समुदायों को मिल-जुलकर आपसी भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में निर्धारित समय सीमा के भीतर ही लाउडस्पीकर का उपयोग किया जाए तथा अश्लील एवं आपत्तिजनक गीतों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पंडालों में साफ-सफाई, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था, अग्निशमन के उपाय तथा यातायात को बाधित न करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि पूजा के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या, विवाद या असामाजिक गतिविधि सामने आती है, तो इसकी सूचना सीधे थाना को दी जाएगी, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
प्रभारी थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी रखी जाएगी। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से सरस्वती पूजा मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन और आम जनता के बेहतर समन्वय से पर्व को सफल बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में एसआई अजय कुमार अकेला, जुबेर अहमद खान सहित अन्य पुलिसकर्मी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

