केतार(गढ़वा):झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय केतार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय की वार्डेन सह प्रधान शिक्षिका अमिता पाण्डेय ने बताई कि नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म का वितरण 15 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो चुका है।इस सत्र के लिए कुल 50 सीटों पर बालिकाओं का चयन किया जाना है। नामांकन के लिए केतार प्रखंड के अंतर्गत आने वाले अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति,अन्य पिछड़ा वर्ग,अल्पसंख्यक समुदाय और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की बालिकाओं को अवसर दिया जाएगा।उन्होंने बताई कि नामांकन प्रक्रिया में आदिम जनजाति समूह की बालिकाएं,ट्रैफिकिंग से प्रभावित बालिकाएं,नक्सल प्रभावित दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाएं,अनाथ एवं एकल अभिभावक वाले बच्चे एवं
सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाली बालिकाओं को विशेष प्राथमिकता निर्धारित की गई है।उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि उनकी बच्चियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिल सके।

