विशुनपुरा(गढ़वा):गांधी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में राज राजेन्द्र प्रताप देव उच्च विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबला मेराल और रेहला अंतर्गत पतसा टीम के बीच खेला गया, जिसमें दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाता है। खेल से टीम भावना, आपसी भाईचारा और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
उद्घाटन मुकाबले में पतसा टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेराल टीम ने आक्रामक एवं संतुलित प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 14 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 168 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेहला पतसा की टीम मेराल के सधे हुए गेंदबाजी आक्रमण के सामने दबाव में नजर आई और निर्धारित ओवरों में 128 रन पर सिमट गई। इस प्रकार मेराल की टीम ने उद्घाटन मुकाबला 40 रन से जीतकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया।मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिससे पूरा मैदान खेलमय वातावरण से गूंज उठा।इस अवसर पर शिवकुमार ठाकुर, नवल किशोर गुप्ता, संजय गुप्ता, आयोजन समिति अध्यक्ष अजय गुप्ता (नन्हकु) संयोजक बलराम पासवान, प्रशांत गुप्ता, सचिन गुप्ता, खेल प्रभारी ललन गुप्ता, त्रिदीप मिश्र, भोलानाथ साहू, नारायण शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

