डंडई(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान उच्च विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित नीलांबर–पीतांबर प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच डंडई की आदिवासी टीम और युवा स्टार क्लब केतमा(धुरकी) के बीच हुआ।
बेहद कड़े मुकाबले में डंडई की आदिवासी टीम ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं और एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार हमले करती रहीं, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। दूसरे हाफ में डंडई की टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम की रक्षापंक्ति को भेद दिया और एकमात्र निर्णायक गोल दागकर बढ़त बना ली। अंत तक डंडई की टीम ने यह बढ़त बनाए रखी और विजेता घोषित की गई। मैच के मुख्य निर्णायक रणविजय सिंह रहे। सहयोगी निर्णायक की भूमिका संतोष कुमार सिंह एवं यशवंत सिंह ने निभाई, जबकि फोर्थ रेफरी के रूप में नीलकंठ सिंह ने दायित्व संभाला। मैच के दौरान खरवार लोकसभा संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, अध्यक्ष राम प्यारे सिंह, मनदीप सिंह, पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह, बुद्धि नारायण सिंह, संतोष कुमार सिंह, विजय सिंह, अलख निरंजन प्रसाद, विनय सिंह एवं श्याम लाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इधर, आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 2 जनवरी 2026 को, दूसरा सेमीफाइनल 3 जनवरी 2026 को खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला 4 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा।

