कांडी(गढ़वा):गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पाण्डेय की पहल एवं देखरेख में सामाजिक–प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान रविवार को अपने लगातार 25वें दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत कांडी प्रखंड अंतर्गत राणाडीह स्थित ईंटभट्ठा क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को ठंड से बचाव हेतु गर्म वस्त्र, चप्पल सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें ठंड के मौसम में तत्काल राहत मिल सके। वितरण कार्यक्रम के दौरान टीम के सदस्यों ने लाभुक परिवारों से संवाद किया तथा बच्चों को नियमित शिक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्थानीय लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान जरूरतमंदों के लिए सहारा बनकर उभरा है। अभियान के माध्यम से प्रशासन और समाज के बीच सहयोग की भावना को भी मजबूती मिल रही है।

