सगमा(गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैलिया में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चुनाव के दौरान गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ते देख अगले आदेश तक विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव स्थगित कर दिया गया। चुनाव कराने पहुंचे पर्यवेक्षक कलाम शेख एवं रामलाल मेहता की मौजूदगी में विद्यालय के प्रधानाध्यापक गणेश साह के समक्ष चुनाव प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा था।
इसी दौरान पूर्व अध्यक्ष ने चुनाव का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पूर्व अध्यक्ष का कहना था कि विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव पहले ही हो चुका है, ऐसे में दोबारा चुनाव कराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया का विरोध करते हुए कहा कि, “जब तक हम अध्यक्ष रहेंगे, तब तक अध्यक्ष हम ही रहेंगे।”
वहीं, चुनाव कराने पहुंचे पर्यवेक्षकों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव कराने का प्रयास किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष और चुनाव कराने पहुंचे प्रतिनिधियों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही। मामला बढ़ने पर विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
ग्रामीणों ने चुनाव कराने की मांग की
वहीं, ग्रामीणों का कहना था कि जब सरकार की ओर से विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव कराने की तिथि निर्धारित की गई है, तो चुनाव कराया जाना चाहिए। इसी बात को लेकर पूर्व अध्यक्ष और ग्रामीणों के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई। हंगामे के कारण विद्यालय परिसर में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया। अब देखना होगा कि विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से आगे क्या निर्णय लिया जाता है और चुनाव की प्रक्रिया कब दोबारा शुरू होती है।

