बंशीधर नगर : डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को अनुमंडल अस्पताल एवं अनुमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये। जानकारी के मुताबिक डीसी सबसे पहले अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया व भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में अस्पताल में मौजूद कई कमियों पर नाराजगी जताते हुये डीएस डॉ सुचित्रा कुमारी को कई आवश्यक निर्देश देते हुये कहा कि अस्पताल में पाई गई सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर करें ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ देने के लिये प्रतिबद्ध है। ऐसे में मरीजों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
इसके बाद डीसी अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की और प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उस मौके पर डीसीएलआर दिनेश कुमार गोप, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत कई कर्मी मौजूद थे। उधर डीसी के निरीक्षण को लेकर पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा रहा। डीसी के वापस गढ़वा लौटने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

