बंशीधर नगर : पीएम श्री हाईस्कूल चितविश्राम में सोमवार को वार्षिक खेल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि अमर नाथ पांडेय, पंचायत समिति सदस्य मृदुला शर्मा, पूर्व मुखिया मुस्ताक अहमद शेख एवं मुखिया प्रतिनिधि कमलेश सोनी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। तत्पश्चाप विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारिका नाथ पांडेय ने सभी अतिथियों को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया।उस मौके विधायक प्रतिनिधि अमरनाथ पांडेय ने कहा की खेल से शारीरिक व मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह खेल का आयोजन होने से बच्चों में खेल के प्रति जागृति बढ़ती है। श्री पांडेय ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को नौकरी में प्राथमिकता तथा सहयोग राशि भी देती है। उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।प्रधानाध्यापक द्वारिकानाथ पांडेय ने कहा की बच्चों में खेल के प्रति उत्साह देखकर मुझे बहुत सकून मिल रहा है। उन्होंने बच्चों से कहा कि पढ़ाई के साथ साथ खेल भी जरूरी है। कार्यक्रम को चित्तविश्राम पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मृदुला शर्मा, पूर्व मुखिया मुस्ताक अहमद शेख एवं मुखिया प्रतिनिधि कमलेश सोनी ने भी सम्बोधित किया। वर्ग 1 से 5 बोरा रेस के बालिका ग्रुप में पम्पी कुमारी तथा बालक समूह में पीयूष कुमार ने बाजी मारी।मेढ़क रेस में बालिका समूह में निशा खातून एवं बालक ग्रुप में अंकित कुमार विजयी हुये। रिले खेल प्रतियोगिता में वर्ग 9 एवं 10 के बालिकाओं में निकी निशा व 6-8 में चांदनी कुमारी प्रथम स्थान प्राप्त कर विजयी घोषित हुई। बालक समूह में वर्ग 9-10 में परवेज तथा 6-8 वर्ग में रूपेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो खो खेल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में वर्ग 10 ने 9-8 पाइंट प्राप्त कर वर्ग 8 के छात्राओं को पराजित किया।कब्बडी प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग में कक्षा 9 विजयी रहा। उस अवसर पर सीआरपी संजय कुमार सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया। खेल समापन होने पर बच्चों को मेडल तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंपायर के रूप में खेल शिक्षक किशोर कुणाल तथा कमेंटेटर की भूमिका कमलेश पांडेय ने निभाया।

