सगमा(गढ़वा):सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से आगामी चैती छठ एवं रामनवमी पर्व को लेकर एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों पर्वों के सफल आयोजन के लिए रूपरेखा तय की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर परिसर की व्यवस्था और साफ-सफाई सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में बताया गया कि सगमा प्रखंड के मालिया नदी तट स्थित सूर्य मंदिर परिसर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी चैती छठ और रामनवमी पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाने-संवारने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर सूर्य मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक सह प्रखंड प्रमुख अजय शाह, अध्यक्ष सीताराम रवानी, उपाध्यक्ष भोला शाह, सचिव श्रीकांत कुमार, उप सचिव बाबूलाल कुमार सहित सदस्य भिंसेरी भुईयां, कामेश्वर गुप्ता, आशीष विश्वकर्मा, दया गुप्ता, बालेश्वर यादव, महेश शाह, बिनोद यादव और संजय चंद्रवंशी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर पर्व को शांतिपूर्ण व भव्य तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

