कांडी(गढ़वा):थाना क्षेत्र के गाड़ा खुर्द पंचायत के कसनप गांव निवासी और सुंडिपुर बाजार स्थित सीएसपी संचालक मुकेश कुमार तिवारी ने थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि मंगलवार की शाम लगभग 5:48 बजे गाड़ा खुर्द गांव निवासी पशुपति द्विवेदी ने चाकू दिखाकर मारपीट की और सीएसपी में रखे सामान की लूटपाट करते हुए 2 लाख 5 हजार रुपये नगद लूटकर फरार हो गया।मुकेश कुमार तिवारी ने पशुपति द्विवेदी पर प्रिंटर, लैपटॉप और अन्य उपकरणों की तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इस घटना का वीडियो क्लिप भी उनके पास मौजूद है। वहीं, इस मामले में जब पशुपति द्विवेदी से पूछा गया, तो उन्होंने लगाए गए आरोप को निराधार और बेबुनियाद बताया। उनका कहना था कि मुकेश कुमार तिवारी के पास उनका 52,400 रुपये का बकाया है, जिसे लेने गए थे, लेकिन लगातार टालमटोल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ गलत शिकायत दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि पुलिस के प्रारंभिक जांच में यह मामला लूटपाट का नहीं, बल्कि दोनों के बीच लेन-देन से जुड़ा विवाद प्रतीत होता है। दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।

