
सगमा (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र में शारदीय नवरात्र एवं दशहरा का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। नौ दिनों तक चले नवरात्र अनुष्ठान के बाद मंगलवार और बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का गाजे-बाजे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रतिमा विसर्जन से पूर्व विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। इसके बाद श्रद्धालु अपने-अपने नजदीकी तालाबों एवं नदियों के तट पर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की कामना की।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान धुरकी थाना पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ क्षेत्र में भ्रमण करती रही। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
थाना प्रभारी ने जताया आभार
नवरात्र एवं दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने थाना क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों को बधाई देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धुरकी थाना क्षेत्र के निवासी शांतिप्रिय हैं। सभी लोगों के सहयोग और आपसी सौहार्द के कारण दस दिनों तक चलने वाला दशहरा पर्व निर्विघ्न संपन्न हुआ। उन्होंने क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में भी शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
वहीं, जय बजरंगबली दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश बैठा सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने भी शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए थाना प्रभारी जनार्दन राउत एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

