
कन्या पूजन और अग्नि आहुति के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान का समापन, मकरी काली शक्ति पीठ में जुटे झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु
सगमा (गढ़वा): पूरे प्रखंड क्षेत्र में नौ दिनों तक आस्था और भक्ति के वातावरण में चले नवरात्र अनुष्ठान का सोमवार को विधिवत समापन हो गया। सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। भक्तों ने विधि-विधान से कलश पूजन, दुर्गा अर्चना और भजन-कीर्तन किया। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर अपना उपवास पूरा किया। नवरात्र के अंतिम दिन अग्नि आहुति और कन्या पूजन का विशेष आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सगमा प्रखंड के सगमा, पुतुर, बीरबल, मकरी, बैलिया, घघरी, शारदा, कटहर कला, झुनका, दुसैया, चैनपुर और सोनडिहा गांवों के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सभी पंडालों को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय नजर आया।
पुतुर गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन के लिए सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को देखते हुए जय बजरंगबली दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। कमेटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश बैठा, धर्मेंद्र चंद्रवंशी, बुलू यादव, मुकेश प्रजापति, प्रशांत यादव,रामदेव यादव सहित अन्य स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।वहीं, मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी समूह आश्रम के काली शक्ति पीठ में सामूहिक अग्नि आहुति और कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नौ दिनों तक उपवास और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर माता रानी से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्र के दौरान पूरे प्रखंड में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा। अंतिम दिन आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ।

