श्री बंशीधर नगर:आर.के. पब्लिक स्कूल में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर षष्ठी की पूर्व संध्या पर भव्य सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। माँ दुर्गा के जयकारों से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा। कक्षा 1 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ इस पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्वलन और माँ दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में छात्रों ने देवी गीत, भजन, नाट्य प्रस्तुति और नृत्य से सभी का मन मोह लिया।
छात्राओं ने स्वयं को माँ दुर्गा के नौ रूपों – शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री देवी के रूप में सज-धज कर मंच पर जीवंत अभिनय किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश पांडेय ने अपने भाषण में दुर्गा पूजा के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान, बुराई पर अच्छाई की जीत और हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। आज की भागदौड़ भरी दुनिया में यह त्योहार हमें नैतिक मूल्यों, एकता और साहस की प्रेरणा देता है। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।

