सगमा (गढ़वा)। सगमा प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैलिया में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चुनाव को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने नियमावली के अनुसार निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, विद्यालय में एसएमसी चुनाव के लिए पहले 21 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई थी। हालांकि, बीआरसी में आवश्यक रजिस्टर जमा नहीं होने के कारण चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद 24 से 30 सितंबर के बीच चुनाव के लिए नई तिथियां निर्धारित की गईं। इसी क्रम में जब ग्रामीण चुनाव को लेकर विद्यालय परिसर पहुंचे, तो उन्हें प्रधानाध्यापक से जानकारी मिली कि पूर्व अध्यक्ष को ही दोबारा समिति का अध्यक्ष बना दिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब चुनाव की तिथियां निर्धारित की गई थीं, तो विधिवत चुनाव कराए बिना पुराने अध्यक्ष को दोबारा अध्यक्ष कैसे बना दिया गया? मामले को लेकर बैलिया के ग्रामीणों ने भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव से हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि एसएमसी चुनाव निर्धारित नियमावली के तहत पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराया जाए, ताकि समिति के गठन को लेकर किसी प्रकार का विवाद न रहे। अब देखना यह है कि ग्रामीणों की इस मांग पर शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारी क्या कदम उठाते हैं। मामले को लेकर आवाज उठाने वालों में इरसाद अंसारी, सकील अहमद अंसारी, मुस्लिम अंसारी, अनवर अंसारी, इस्तेहार अंसारी, जुनेद अंसारी, सदिक अंसारी, मोहम्मद हुसैन, मोस्ताक अंसारी, सेराज अंसारी, शहीद अंसारी, तौहीद अंसारी सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

