सगमा (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बैलिया में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चुनाव की नई तिथि निर्धारित कर दी गई है। चुनाव को लेकर विभागीय स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में जारी सूचना के अनुसार विद्यालय में एसएमसी चुनाव का आयोजन 30 सितंबर को किया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए कलाम शेख एवं रामलाल मेहता को पर्यवेक्षक (प्रवेक्षक) नियुक्त किया गया है। दोनों पर्यवेक्षक चुनाव की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे तथा चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी विद्यालय में एसएमसी चुनाव कराने की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन चुनाव के दौरान हुए हंगामे और विवाद के कारण प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया था। स्थिति को देखते हुए विभाग ने चुनाव को अगले आदेश तक टाल दिया था।
अब एक बार फिर विभाग द्वारा नया नोटिस जारी कर चुनाव की तिथि तय की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। साथ ही अभिभावकों, ग्रामीणों एवं संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन सुचारु रूप से किया जा सके और विद्यालय के विकास संबंधी कार्यों को गति मिल सके।

