रंका (गढ़वा): उच्च न्यायालय झालसा, रांची के दिशा-निर्देशन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) गढ़वा मनोज प्रसाद एवं सचिव निभा रंजना लकड़ा के आदेशानुसार भंडरिया प्रखंड पीएलवी राजेश कुमार चौधरी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवका भंडरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल विवाह निषेध और बाल श्रम उन्मूलन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। पीएलवी ने बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने, बाल तस्करी, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से बचाव के उपाय बताए। साथ ही सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में बच्चों को प्रशिक्षण देकर जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि किसी विपरीत परिस्थिति में बच्चों को डरने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी देनी चाहिए। लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान की सीएसडब्ल्यू पूर्णिमा कच्छप ने बच्चों को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी। वहीं कानूनी सहायता के लिए डीएलएसए के टोल-फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया।कार्यक्रम के दौरान बाल एवं महिला सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा बच्चों के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक नितेश कुमार वर्मा, प्रभु दयाल मिंज, जवाहर सिंह, किरण बाला सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

