सगमा (गढ़वा): श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सगमा प्रखंड क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण की प्राकट्य तिथि को लेकर मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों को रंग-बिरंगी झालर एवं आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है। श्रद्धालुओं द्वारा मंदिरों को सुंदर बनाने के साथ-साथ तोरण द्वार भी लगाए गए हैं। सगमा, सारदा, पुत्तर, सोनडीहा, बीरबल, मकरी, बइलिया, दुसैया, घघरी, चैनपुर, केतार कला तथा खुर्द गांव के मंदिरों में विशेष तैयारी की गई है। जन्माष्टमी को लेकर छोटे-छोटे बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे बाल कृष्ण और राधा के गणवेश में घूमते नजर आ रहे हैं। इन आकर्षक वेशभूषाओं में सजे बच्चे लोगों का मन मोह रहे हैं और साक्षात बाल कृष्ण एवं राधा के स्वरूप में देखते ही बन रहे हैं। रात्रि के 12 बजते ही मंदिरों और कृष्ण जन्मोत्सव स्थलों पर घंटा-घड़ियाल बजने लगेंगे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही जयकारों और भजनों की गूंज सुनाई देगी। ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘भय प्रकट कृपाला, दीन दयाला’ जैसे भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा।

