विशुनपुरा प्रखंड के पतिहारी गांव स्थित टेढ़ी मोड़ पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बालू लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 15 फीट नीचे गहरी खाई में पलट गया और एक मकान की चारदीवारी को तोड़ते हुए रुक गया। संयोगवश पास में स्थित रिहायशी मकान इसकी चपेट में आने से बच गया, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीआर-24 जीडी-4810 नंबर का हाइवा (टेलर) बंशीधर नगर की ओर से विशुनपुरा आ रहा था। रात करीब 10 बजे पतिहारी के टेढ़ी मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद हाइवा सड़क छोड़कर पुल का पैरापीट वॉल को तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरा और फुदु अंसारी के घर की चारदीवारी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारदीवारी पूरी तरह ध्वस्त हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि यदि वाहन कुछ और आगे बढ़ जाता तो वह सीधे फुदु अंसारी के मकान से टकरा सकता था। उस स्थिति में गंभीर जनहानि और भारी संपत्ति नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता था। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पतिहारी का टेढ़ी मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। यहां पूर्व में भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस खतरनाक मोड़ पर क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

