
श्री बंशीधरनगर :गढ़वा जिले के ऐतिहासिक राजा पहाड़ी स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में 30 जुलाई से श्रावणी मेले का शुभारंभ होगा। लगभग 600 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित इस प्रसिद्ध शिव मंदिर में मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मंदिर समिति के सदस्य दिन-रात मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, सजावट तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस वर्ष श्रद्धालुओं के ठहरने की विशेष व्यवस्था के साथ भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर के मुख्य सेवादार पंडित गोविंद पाठक ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रावणी मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजा पहाड़ी स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण वर्ष 1917 के दशक में एक सिद्ध संत के मार्गदर्शन में हुआ था। उनके देहावसान के बाद लंबे समय तक स्थानीय कन्हाई गुरुजी उर्फ कन्हाई साह मंदिर की देखरेख करते रहे। लगभग 35 वर्ष पूर्व श्री बंशीधरनगर के नागरिकों और आसपास के ग्रामीणों ने मंदिर के विकास का संकल्प लिया और मंदिर समिति का गठन किया।
तब से लगातार जनसहयोग से मंदिर का विस्तार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। श्रावण मास में आयोजित होने वाला यह मेला पूरे क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर यहां पहुंचते हैं और भगवान नर्मदेश्वर महादेव का जलाभिषेक करते हैं। पूरे सावन माह मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहता है। पहाड़ी से दिखाई देने वाला प्राकृतिक दृश्य भी श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है, जिसे लोग अपने कैमरों में कैद करते हैं। पंडित गोविंद पाठक ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेले का समापन रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को होगा। इसके अगले दिन मंदिर परिसर से ऐतिहासिक शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर होंगे। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक मेले में शामिल होने की अपील की है।

