धुरकी (गढ़वा): प्रखंड के परासपानी गांव में संतृप्त ग्राम अभियान के तहत बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) के सहयोग से बीमा एवं वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्था अग्रगति की सीएफएल प्रशिक्षिका ऐसून खातून ने ग्रामीणों को वित्तीय समावेशन और वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी। उन्होंने बचत की आदत, बजट बनाने, बैंक खाते के लाभ, डिजिटल भुगतान, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा उसके उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, जनधन खाते के लाभ तथा खातों में केवाईसी कराने की आवश्यकता के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में अग्रगति के सीएफएल प्रखंड समन्वयक जनार्दन प्रसाद यादव ने खाताधारकों से अपने बैंक खातों में नॉमिनी का नाम दर्ज कराने की अपील की।
उन्होंने लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया। श्री यादव ने उपस्थित लोगों को सीकेवाईसी, साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930, भारतीय रिजर्व बैंक के टोल-फ्री नंबर 14448 सहित अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई, ताकि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में समय पर शिकायत दर्ज कर समाधान प्राप्त किया जा सके। शिविर में भारतीय स्टेट बैंक के बीसी संचालक जा उल हक ने बीमा योजनाओं से जोड़ने, नए बैंक खाते खोलने तथा निष्क्रिय खातों को सक्रिय कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण भी कराया।
बीमा शिविर में ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा और बैंकिंग की दी जानकारी

