सगमा(गढ़वा):प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, सगमा में शिक्षकों की भारी कमी के कारण शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो गए हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति ने जिला शिक्षा विभाग से दो सरकारी शिक्षकों का प्रतिनियोजन तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है। समिति का कहना है कि विद्यालय प्रखंड का मुख्य विद्यालय है, जहां वर्तमान में 538 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से विद्यालय संचालन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक देवशंकर प्रसाद का प्रतिनियोजन जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर 10 जून 2026 को राजकीयकृत उच्च विद्यालय, चितविश्राम (नगर ऊंटारी) में कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने वहां योगदान भी दे दिया है। वहीं, विद्यालय के सबसे वरीय शिक्षक श्याम कुमार पाल का प्रतिनियोजन 11 जून 2026 को राजकीय मध्य विद्यालय, जंगीपुर (नगर ऊंटारी) में कर दिया गया, जहां उन्होंने भी योगदान दे दिया हैवर्तमान में विद्यालय में केवल एक सरकारी शिक्षक धर्मेंद्र कुमार साहु कार्यरत हैं।
उन्हें भी जिला शिक्षा अधीक्षक के आदेश के तहत पूरे सगमा प्रखंड में शिक्षकों के विपत्र वाहक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में विद्यालय का नियमित संचालन, नए छात्रों का नामांकन, रिपोर्टिंग तथा अन्य आवश्यक प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति ने बताया कि दो अन्य शिक्षकों की पदस्थापना भी अन्य विद्यालयों में हो जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। समिति का कहना है कि 11 जून से अब तक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक का प्रभार किसी को नहीं सौंपा गया है, जिससे कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक से मांग की है कि छात्रों के हित और विद्यालय के सुचारु संचालन को देखते हुए दोनों शिक्षकों का प्रतिनियोजन तत्काल रद्द किया जाए, ताकि विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था फिर से सामान्य हो सके।
सगमा स्कूल में शिक्षकों की कमी से ठप पड़े कई कार्य, प्रतिनियोजन रद्द करने की मांग

