रंका(गढ़वा):रंका अनुमंडल क्षेत्र के ग्राम – खपरो, टोला, गोरैयाबांध की आंगनबाड़ी सेविका जबिला खातून पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान मतदाताओं से पैसे वसूलने के आरोप में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम बेला तोपनो की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला निर्वाचन शाखा, गढ़वा ने ज्ञापांक संख्या 230, दिनांक 10 जुलाई 2026 के माध्यम से उप विकास आयुक्त, गढ़वा को संबंधित आंगनबाड़ी सेविका के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें चयनमुक्त करने का निर्देश उपायुक्त , गढ़वा ने जारी किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदान केंद्र संख्या 383 पर बीएलओ के कार्य में लगी आंगनबाड़ी सेविका जबिला खातून का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में उन पर प्रत्येक मतदाता से 20 रुपये लेने का आरोप लगाया गया, जिसके बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया।मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम बेला तोपनो ने जांच कराई। जांच प्रतिवेदन में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद रिपोर्ट जिला निर्वाचन शाखा को भेजी गई। जिला निर्वाचन शाखा ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित आंगनबाड़ी सेविका को बीएलओ के कार्य से मुक्त करने तथा उनके विरुद्ध चयनमुक्ति की कार्रवाई करने का निर्देश उप विकास आयुक्त, गढ़वा को जारी किया है प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता, धन उगाही अथवा मतदाताओं से अवैध वसूली को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद निर्वाचन कार्य में लगे अन्य बीएलओ एवं कर्मियों के बीच भी प्रशासन का स्पष्ट संदेश गया है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

