कांडी(गढ़वा):थाना क्षेत्र के बलियारी पंचायत अंतर्गत बरवाडीह टोला में शनिवार को उस समय मातम पसर गया जब सोन नदी के किनारे एक 36 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बरवाडीह निवासी प्रयाग राम के पुत्र कौशल कुमार पासवान (उदल पासवान) के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मिली जानकारी के अनुसार कौशल कुमार पासवान 12 मार्च को घर से खाना खाकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन और सगे-संबंधियों के यहां पता लगाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार दोपहर बरवाडीह स्कूल के समीप सोन नदी किनारे गए चरवाहों ने एक शव देखा, जिसकी सूचना गांव में फैल गई। सूचना मिलने पर मृतक के भाई अर्जुन कुमार पासवान मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने भाई के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही कांडी थाना के एसआई अरविंद कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया। प्रारंभिक जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का परिवार अत्यंत गरीब है। उसके पिता प्रयाग राम कई वर्षों से हृदय रोग और पैरालिसिस जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। परिवार में कौशल ही एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी शांति देवी और 14 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी को छोड़ गया है। घटना के समय पत्नी अपने मायके में एक शादी समारोह में गई थी, जो पति की मौत की खबर मिलते ही बदहवास हालत में गांव पहुंच रही है। घटना की जानकारी मिलने पर अंचल अधिकारी राकेश सहाय ने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत 4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही 20 हजार रुपये की पारिवारिक लाभ राशि और विधवा पेंशन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। मौके पर पहुंचे प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय तथा विधायक प्रतिनिधि कृष्णा राम ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।

