कांडी(गढ़वा):प्रखंड के चार परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कदाचार-मुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं। मैट्रिक परीक्षा में हिन्दी ए एवं बी विषय के कुल 1766 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 8 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट की विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा में कुल 295 परीक्षार्थी शामिल हुए।जमा दो उच्च विद्यालय कांडी परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक के 693 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। स्तरोन्नत उच्च विद्यालय लमारी कला केंद्र पर 176 तथा शोणभद्र आदर्श इंटर कॉलेज केंद्र पर 524 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि यहां 5 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित छात्रों में जमा दो उच्च विद्यालय कांडी का 1 विद्यार्थी एवं कस्तूरबा विद्यालय बरडीहा की 4 छात्राएं शामिल हैं। मध्य विद्यालय हरिहरपुर परीक्षा केंद्र पर 373 विद्यार्थियों ने परीक्षा लिखी, जबकि 3 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। जमा दो उच्च विद्यालय कांडी केंद्र पर 6 विद्यालयों के विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। शोणभद्र कॉलेज परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक के 6 स्कूलों एवं मध्य विद्यालय हरिहरपुर केंद्र पर 3 स्कूलों के छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इंटरमीडिएट परीक्षा के तहत जमा दो उच्च विद्यालय कांडी केंद्र पर विज्ञान संकाय के 201 तथा वाणिज्य संकाय के 6 विद्यार्थी, जबकि शोणभद्र कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 88 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान जमा दो उच्च विद्यालय कांडी केंद्र पर आशुतोष शर्मा एवं शोणभद्र आदर्श कॉलेज केंद्र पर मोहम्मद शकील अंसारी दंडाधिकारी के रूप में तैनात थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचार-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

