
Ranjan Yadav
सगमा (गढ़वा): प्रखंड अंतर्गत विरबल पंचायत भवन के प्रांगण में गुरुवार को सरकारी कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जीप सदस्य नंदगोपाल यादव,पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा एवं प्रखंड प्रमुख अजय शाह की उपस्थिति में गरीब, असहाय, विकलांग एवं विधवा महिलाओं के बीच कंबल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य नंद गोपाल यादव ने कहा कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई जा रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न हो।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। ठंड के मौसम में गरीबों को राहत देना मानवीय कर्तव्य है और इसी उद्देश्य से यह कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती नजर आई। स्थानीय ग्रामीणों ने मुखिया एवं प्रखंड प्रमुख की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया।कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें पंचायत के कई ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

