डंडई(गढ़वा)थाना क्षेत्र के रारो गांव के पथलाही टोला में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में यशोदा देवी और उनके पति रघुवर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोसी जमीन हड़पने की नीयत से लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता यशोदा देवी ने बताया कि उनकी कोई संतान नहीं है और इसी का फायदा उठाकर पड़ोसी वीरेंद्र यादव उनकी जमीन जबरन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीरेंद्र यादव पहले भी कई बार उनके और उनके पति के साथ मारपीट कर चुका है। पीड़िता ने बताया कि सोमवार की रात वीरेंद्र यादव ने उनके घर के प्रवेश द्वार के पास खुले बिजली के तार बिछा दिए थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो वह गाली-गलौज करते हुए मारने के लिए दौड़ पड़ा। किसी तरह वह घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचा सकीं। अगली सुबह मंगलवार को वीरेंद्र यादव अपने परिजनों वंशी यादव, सुषमा देवी एवं सुनैना देवी के साथ उनके घर पहुंचा और झूठे आरोप लगाकर विवाद शुरू कर दिया। बात बढ़ने पर चारों ने लाठी-डंडों से दंपती पर हमला कर दिया। हमले में यशोदा देवी का हाथ पूरी तरह टूट गया, जबकि उनके पति रघुवर यादव के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि करीब चार माह पहले अबुआ आवास योजना के अंतर्गत मकान निर्माण को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि पड़ोसी अपनी जमीन छोड़कर पीड़ित की जमीन पर मकान बनाना चाहते थे, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ता गया। इधर,मामले को लेकर थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि घायलों की इंजरी कट कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

