रामायण के आदर्शों को जीवन में उतारने और आपसी सौहार्द के साथ नवरात्र मनाने की अपील
सगमा (गढ़वा)। प्रखंड अंतर्गत पुतुर गांव के छपरवा टोला स्थित जय माता दी क्लब के तत्वावधान में रविवार को रामायण सीरियल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कर्ता समाजसेवी सह सोनडीहा पंचायत के मुखिया प्रत्याशी योगेंद्र यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगेंद्र यादव ने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक धारावाहिक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली आदर्शों और संस्कारों की सीख है। भगवान श्रीराम के जीवन से हमें सत्य, मर्यादा, त्याग, प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है। इसलिए रामायण को देखने के साथ-साथ इसमें बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की भी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व आस्था, भक्ति और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे में सभी लोगों को मिल-जुलकर शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने जय माता दी क्लब के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ लोगों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। योगेंद्र यादव ने क्लब के सदस्यों को आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर वे हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
इस मौके पर ज्वालाकांत यादव
तनमय किशोर जायसवाल, ओमप्रकाश बैठा ,नागेश्वर प्रजापति, ललन प्रजापति, ललू प्रजापति, जीतन प्रजापति, संजू प्रजापति, कमलेश प्रजापति, नरेश प्रजापति, दिनेश कुमार प्रजापति, उपेंद्र प्रजापति, विजय प्रजापति और मनोहर प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद थे।

