
सगमा /धुरकी (गढ़वा): धुरकी थाना क्षेत्र के लोलकी गांव में अवैध महुआ शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी करते हुए अवैध शराब निर्माण के उद्देश्य से रखा गया करीब 40 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया। बरामद सामग्री का उपयोग महुआ शराब तैयार करने में किया जाना था।पुलिस ने मौके पर ही जावा महुआ तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही संबंधित लोग मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई कि वे अपने आसपास होने वाली अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

