श्यामबच्चन यादव
सगमा (गढ़वा): सगमा प्रखंड के मकरी कुटिया स्थित सर्वेश्वरी समूह आश्रम में अघोरेश्वर भगवान राम, शिवलिंग, श्री यंत्र तथा फोका वीर बाबा की प्रतिमा स्थापना के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूजा-पाठ, हवन तथा मेगा स्वास्थ्य शिविर सहित कई धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समूह से जुड़े श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए और पूरे वातावरण में भक्ति भाव का माहौल बना रहा।आश्रम के प्रबंधक बिहारी राम ने बताया कि आज से दस वर्ष पूर्व आश्रम परिसर में अघोरेश्वर भगवान राम, शिवलिंग, श्री यंत्र तथा फोका वीर बाबा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। उसी की स्मृति में हर वर्ष स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष दसवीं वर्षगांठ होने के कारण कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य रूप दिया गया।
स्थापना दिवस के मौके पर आश्रम परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर का संचालन रेफरल अस्पताल की अधीक्षक डॉ. सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कई लोगों का स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां भी दी गईं। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-पाठ और हवन के साथ हुई।पूरे आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस अवसर पर छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आश्रम के मंत्री रमेश यादव, अध्यक्ष अनूप यादव, उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिन्हा, बबलू कुशवाहा, सोनू मौर्या सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

