सगमा/धुरकी(गढ़वा):धुरकी प्रखंड के वरिष्ठ पत्रकार मुनीर खान की माता सोगरा खातुन (72 वर्ष) का शुक्रवार की मध्य रात्रि हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही धुरकी प्रखंड सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार शुक्रवार की शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन में चिकित्सकीय सहायता लेने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सोगरा खातुन अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन के बाद घर पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह एक ममतामयी, सरल स्वभाव और धार्मिक विचारों वाली महिला थीं, जिनका समाज में विशेष सम्मान था।
मुनीर खान को एक मृदुभाषी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार के रूप में जाना जाता है। उनकी माता के निधन पर धुरकी प्रखंड के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और पत्रकार साथियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकसंतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

