
धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत झुनका गांव में अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ धुरकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी कर करीब 40 किलो जावा महुआ एवं शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। जानकारी देते हुए धुरकी थाना प्रभारी जानर्दन राउत ने बताया कि पुलिस को झुनका गांव में अवैध रूप से शराब निर्माण किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान वहां रखे करीब 40 किलो जावा महुआ समेत शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद हुई, जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया।थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है।

