कांडी(गढ़वा):तीज व्रत को लेकर कांडी प्रखंड क्षेत्र में महिलाओं का उत्साह चरम पर है। रविवार से ही महिलाएं व्रत की तैयारियों में जुट गई हैं। घरों की साफ-सफाई से लेकर पूजा सामग्री की खरीदारी और पारंपरिक प्रसाद बनाने तक की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पर्व को लेकर कांडी बाजार में भी चहल-पहल काफी बढ़ गई है। तीज को लेकर महिलाओं ने अपने घरों की साफ-सफाई के बाद पूजा में उपयोग होने वाली सामग्री जुटानी शुरू कर दी है। कई घरों में पारंपरिक प्रसाद पेडूकिया समेत अन्य पकवान बनाने की तैयारी चल रही है। रविवार को कांडी बाजार में फल, फूल, पूजा सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए काफी भीड़ देखी गई। बाजार में महिलाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही।तीज व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष धार्मिक आस्था रहती है। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर व्रत रखती हैं और विधि-विधान से भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी घर-घर तीज की तैयारी शुरू हो गई है। पर्व को लेकर बाजार में खाद्य सामग्री के दामों में भी तेजी देखने को मिली। कांडी बाजार में खोवा करीब 450 रुपये प्रति किलो, जबकि पेडूकिया 350 से 500 रुपये प्रति किलो तक बिकी। फलों में सेब 150 से 225 रुपये प्रति किलो, केला 60 से 70 रुपये दर्जन, नारियल पानी 70 से 80 रुपये प्रति पीस तथा खीरा करीब 120 रुपये प्रति किलो बिका। वहीं नींबू के दाम भी काफी अधिक रहे और 15 से 20 रुपये में दो पीस तक बिके। तीज पर्व को लेकर बाजार की बढ़ी रौनक से दुकानदारों में भी उत्साह देखने को मिला।

