हरिहरपुर(गढ़वा):गढ़वा जिले के भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर प्रखंड के गठन की मांग अब विधानसभा तक पहुंच गई है। इस संबंध में विधायक अनंत प्रताप देव ने झारखंड विधानसभा के शून्यकाल (Zero Hour) में मामला उठाते हुए सरकार से नए प्रखंड के गठन पर विचार करने की मांग की है। विधायक ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हरिहरपुर, मझिगांवा और डुमरसोता पंचायतों में जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए इन पंचायतों को कांडी प्रखंड से अलग कर निकटवर्ती पंचायतों को जोड़ते हुए हरिहरपुर प्रखंड का गठन किया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि नया प्रखंड बनने से क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। साथ ही विकास कार्यों में भी तेजी आएगी। विधायक ने इस संबंध में राज्य सरकार से सकारात्मक पहल करते हुए हरिहरपुर प्रखंड के गठन की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। बताया जाता है कि लंबे समय से स्थानीय लोग भी हरिहरपुर प्रखंड के गठन की मांग करते आ रहे हैं। ऐसे में विधानसभा में मुद्दा उठने के बाद इस पर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

