मेराल(गढ़वा):योगदा संत्संग सोसाईटी ऑफ इंडिया रांची के त्तत्वावधान में रविवार को प्रखंड के रजहारा मध्य विद्यालय में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रजहारा, सेराशाम बनुआ आदि गांव के करीब 400 जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गढ़वा एसडीपीओ संजय कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सीडीपीओ श्री पाण्डेय ने योगदा सत्संग सोसाईटी के सेवा कार्य की काफी सराहना करते हुए कहा कि ठंड में जरूरतमंदों को कंबल ओढ़ाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त किया कि योगदा सोसाईटी द्वारा राजहारा गांव में केंद्र बनाकर आध्यात्मिक और सेवा कार्य करने का निर्णय लिया है। उन्होंने योगदा के स्थानीय प्रतिनिधि सारिका सिंह को इसका श्रेय देते हुये उनके विचारों की प्रशंसा की। इसके पूर्व योगदा की प्रतिनिधि समाजसेविका सारिका सिंह द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुये योगदा सत्संग सोसाईटी के कायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि योगदा धर्म और सेवा के क्षेत्र में भारत सहित कई देशों में भी कार्य कर रहा है। इस क्षेत्र में योगदा सोसाईटी ने उनके निवेदन पर केंद्र बनाकर कार्य करने की स्वीकृति प्रदान की है। उनका प्रयास होगा कि इसका लाभ इस संपूर्ण क्षेत्र के लोगों को मिले। आज लोग जिस तरह से शांति की तलाश में भटक रहे हैं, उन्हें योगदा के प्रयास से लाभ मिलेगा। इस अवसर पर गायत्री परिवार महिला मंडल की जिला प्रभारी शोभा पाठक ने महिला सशक्तीकरण पर प्रकाश डालते हुये कहा कि महिलाएं अबला नहीं है। बस उन्हें अपने आपको पहचानने की जरूरत है। महिला कहीं से भी पुरूषों से पीछे नहीं रही हैं। कार्यक्रम में मुखिया संजय राम, बीडीसी अनिता देवी, गायत्री परिवार के विनोद पाठक, गढ़वा पीएलवी मुरली श्याम तिवारी, जनक विकास धारा ऑर्गेनाईजेशन के रामाशंकर चौबे, समाजसेवी विनोद सिंह, राजेश्वर सिंह, शिक्षक रघुराई राम, जगदीश्वर सिंह, रमेश बैठा, देवीशरण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे, कार्यक्रम का संचालन शंभू राम ने किया।

