रंका(गढ़वा):अनुमंडल मुख्यालय स्थित सदर थाना परिसर से होली पर्व को प्रेम-भाईचारा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी के नेतृत्व में होली के पूर्व संध्या पर सोमवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च में मुख्य रूप से रंंका अनुमंडल मुख्यालय के सदर अंचल पदाधिकारी शिवपूजन तिवारी, पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा एवं थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी मुख्यरूप से शामिल हुए।
फ्लैग मार्च में पुलिस बल के जवानों ने पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण किया और आमजनों से होली पर्व को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान बाजार क्षेत्र, मुख्य चौक-चौराहों एवं संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को स्पष्ट संदेश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशाखोरी या शांति भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी ने बताया कि पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेगा। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली एवं रमजान के पावन अवसर पर शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सके। इस मौके पर एस आई जयाशीष शर्मा सहित काफी संख्या में पुलिस बल के पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

