डंडई(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय डंडई स्थित पैराडाइज पब्लिक स्कूल में सोमवार को होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ किया गया। एल पी एजुकेशनल पैराडाइज वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित उक्त विद्यालय में छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को गुलाल एवं अबीर लगाकर होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिसर रंगों और खुशियों से सराबोर दिखाई दिया ।समारोह के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को होली पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को प्रेम, भाईचारा और सौहार्द का संदेश देते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की सलाह दी। विद्यालय के निदेशक सिकंदर पजापति ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी एकता और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक सोच और भाईचारे का संदेश फैलाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक बिंदु कुमार रवि, शिक्षक उपेंद्र कुमार रवि, रमेश विश्वकर्मा, विकास कुमार पासवान, शिक्षिका अर्चना कुमारी, विक्की देवी, रीना कुमारी, शिवानी कुमारी सहित छात्र-छात्राओं में साधना भारती, खुशबू कुमारी, अंजली कुमारी, रोशनी कुमारी, वंदना कुमारी, रूपम कुमारी, अंजली कुमारी ठाकुर समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए प्रेम और सौहार्द के साथ होली मनाने का संकल्प लिया।

