सगमा(गढ़वा):प्रखंड अंतर्गत पुतुर गांव निवासी यशवंत यादव एवं विंदेश यादव के खेत में लगी आग से लगभग 10 कठा में लगी अरहर की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।घटना की जानकारी देते हुए बटाईदार निर्मल यादव ने बताया कि यशवंत यादव और विंदेश यादव के खेत में 10 कठा जमीन पर अरहर की खेती की गई थी। गुरुवार को अचानक खेत में आग लग गई, जिससे पूरी फसल देखते ही देखते जलकर खाक हो गई।
उन्होंने बताया कि खेत में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में अरहर की तैयार फसल नष्ट हो गई।निर्मल यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि होमगार्ड दौड़ की तैयारी करने वाले कुछ लोगों द्वारा ठंड से बचने के लिए आग जलाई गई थी, लेकिन समय रहते आग को बुझाया नहीं गया। बाद में गुरुवार दोपहर आई तेज आंधी के कारण वही आग फैलकर अरहर के खेत तक पहुंच गई, जिससे फसल पूरी तरह जल गई। घटना के बाद पीड़ित किसानों और बटाईदार परिवार में मायूसी छा गई है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजा एवं उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके।

