रंजन यादव
सगमा (गढ़वा): कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सगमा प्रखंड के बीरबल गांव स्थित सूर्य मंदिर प्रांगण में आदित्य सूर्य मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा एक सौ गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख अजय शाह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सूर्य मंदिर ट्रस्ट द्वारा किया गया यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। वर्तमान समय में पूरे प्रखंड क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप है, ऐसे में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया जाना मानवीय संवेदनाओं का परिचायक है। इससे जरूरतमंदों को बड़ी राहत महसूस हुई है।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित बीरबल पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा ने कहा कि सूर्य मंदिर न केवल क्षेत्र के लोगों की आस्था का केंद्र है, बल्कि यह सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ता जा रहा है। इसका प्रमाण है कि आज मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से सौ जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इसके लिए उन्होंने पंचायतवासियों की ओर से सूर्य मंदिर ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आदित्य सूर्य मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सीताराम रवानी, सचिव श्रीकांत चंद्रवंशी, सोनू कुशवाहा, राजकुमार प्रजापति, गोपाल विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

