श्यामबच्चन यादव
सगमा (गढ़वा):सगमा प्रखंड में शनिवार को स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव ने लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं बीपीएचयू भवन का शिलान्यास विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए।
संबोधन के दौरान विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि उपकेंद्र के निर्माण से सगमा सहित आसपास के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी। उन्होंने बताया कि अब लोगों को इलाज के लिए धुरकी या अन्य दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
विधायक ने सगमा को एनएच-75 से जोड़ने को अपना संकल्प बताते हुए कहा कि यह परियोजना जल्द धरातल पर उतरेगी। इसके साथ ही उन्होंने बिजली कनेक्शन में लगने वाली राशि के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बीपीएल परिवारों को निःशुल्क बिजली कनेक्शन देने की मांग की जाएगी।
पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में नौजवानों के अधिकारों को छीना गया और भवनाथपुर में लगने वाले पावर प्लांट को निरस्त कर युवाओं को छलने का कार्य किया गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि भवनाथपुर में पावर प्लांट लगाने का उनका संकल्प पूरा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य योजनाएँ धरातल पर दिखेंगी।
कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेता ताहीर अंसारी ने कहा कि सगमा प्रखंड को एक साथ दो महत्वपूर्ण योजनाओं का उपहार मिला है।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को वर्ष 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी।
वहीं, जिप सदस्य अंजू यादव ने कहा कि जिला परिषद फंड से प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार की मनमानी के कारण कई गड़बड़ियाँ देखने को मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी गाइडलाइन की अनदेखी करते हुए कार्य शुरू कर दिया गया और घटिया किस्म की सामग्री का उपयोग किया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो निर्माण कार्य रुकवाया जाएगा और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान प्रखंड प्रमुख आजय साह सगमा बीडीओ सतीश भगत, मुक्तेश्वर पांडेय,उप प्रमुख अर्जुन पासवान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष डॉ. हरीदास यादव,जयगोपाल यादव,कामता प्रसाद , पूर्व जिपस नंद गोपाल यादव, निर्मल पासवान, मुखिया तेजलाल राम उपमुखिया मंगलेश यादव, मुखिया प्रतिनिधि अशोक राम,राजेंद्र राम , बंसत पाल, विजय यादव, राजेश यादव, चंद्रकांत यादव,सत्येंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

