रंका(गढ़वा):रंका प्रखंड के तमगेकला पंचायत अंतर्गत ग्राम चटकमान स्थित टिमन बाजार के प्रांगण में 4 दिसंबर 2025 को मां दुर्गा मंदिर का भव्य शुभारंभ मुखिया रिंकी देवी, रंका पुलिस इंस्पेक्टर अभिजीत गौतम मिश्रा एवं झामुमों पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव ने संयुक्त रूप से फीता काट कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात भव्य भंडारा का प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया गया। उद्घाटन के दौरान भक्ति भाव गीत संगीत और जय माता दी की जयकारा उद्घघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर अभिजीत गौतम मिश्रा ने कहा कि टिमन बाजार में माता दुर्गा मंदिर स्थानीय लोगों एवं टिमन बाजार के लोगों के लिए सौभाग्य एवं आस्था का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि माता की पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि समाज को आपसी भाईचारा, सद्भाव और सत्य की मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देती है। हम मां को जितनी श्रद्धा से मानते हैं उतनी ही श्रद्धा से हमें अपने आसपास के माता बहनों में भी मां का स्वरूप देखना चाहिए। तभी हमारा समाज बेहतर दिशा में आगे बढ़ सकता है। पूर्ण भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न यह आयोजन स्थानीय लोगों में नई दिशा देने वाला साबित हुआ है। श्री मिश्रा ने कहा कि हमारा यहां दुर्गा पूजा के अवसर पर बीते वर्ष तीन-चार बार आने-जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यहां के लोगों को दुर्गा पूजा के दौरान भक्ति भाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि आप लोगों से एक निवेदन है कि शास्त्रों में कहा गया है कि यत्र नारी पूज्यते तत्र रमंते देवता अर्थात जहां नारी की पूजा होती है, वहां पर देवताओं की वास होती है। आप लोग अपने घर में तथा समाज में जो भी नारियां हैं, उन्हें भी माता का दर्जा दें। माता के दृष्टि से देखें। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ मंदिर में ही नहीं बल्कि अपने मन में भी देवी दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा करें। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि राधेश्याम सिंह, राजकुमार यादव, कामेश्वर ठाकुर, अनिल सिंह, दिनेश ठाकुर सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष ,बच्चे एवं बच्चियां उपस्थित थे।

