मेराल(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित एसडी मेमोरियल एकेडमी में बुधवार को स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति देश रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। सर्वप्रथम उनकी तस्वीर पर विद्यालय के निदेशक, शिक्षक शिक्षिकाएं तथा विद्यार्थियों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा के साथ नमन किया। निदेशक ब्रजेश कुमार मिश्र ने डॉ राजेंद्र प्रसाद के विद्यार्थी जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन तथा संविधान निर्माण में उनकी भूमिका एवं राष्ट्रपति के कार्यकाल पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद विद्वता, महानता तथा भारतीय संस्कृति के प्रति मूर्ति थे। सादा जीवन उच्च विचार उनका मूल मंत्र था जो हर पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है। प्राचार्य अरुण कुमार ने उनके बचपन से जुड़ी अनछुए पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनकी परीक्षा की कॉपी पर स्वयं शिक्षक ने लिखा कि वह शिक्षक से बेहतर है। कार्यक्रम का संचालन अमरेंद्र कुमार मिश्र के द्वारा किया गया। जिसमें मृत्युंजय पांडे, पीयूष कुमार पांडे, इरशाद अंसारी, देवकृति टोप्पो, अंशु कुमारी, एनिमा कुजूर, मीना केरकेट्टा, नसरीन खातून, जयप्रकाश पांडेय शामिल रहे। मौके पर छात्रा दीपांजलि कुमारी एवं अन्य विद्यार्थियों ने भी डॉ राजेंद्र प्रसाद की जीवनी पर प्रकाश डाला।

