डंडई(गढ़वा):प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान उच्च विद्यालय के खेल मैदान में शनिवार को नीलाम्बर–पीताम्बर प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा ने फुटबॉल में किक मारकर किया। इस अवसर पर विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि हेमंत सरकार राज्य में खेल के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। खेल से शारीरिक विकास के साथ-साथ बौद्धिक विकास भी होता है, इसलिए युवाओं को नियमित रूप से खेल से जुड़ना चाहिए। विधायक ने बताया कि झारखंड के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हेमंत सोरेन सरकार द्वारा “पोटो हो खेल” का आयोजन शुरू किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी आगे आ सकें। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच राजबाश (चिनिया) बनाम कैलान(भवनाथपुर) के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा। कड़े मुकाबले में राजबाश (चिनिया) की टीम ने 1–0 से जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार ठाकुर, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, झामुमो नेता राजेश मेहता, पचौर मुखिया प्रतिनिधि कृष्णकांत सिंह, अध्यक्ष रामप्यारे सिंह, सचिव विजय सिंह, कोषाध्यक्ष नीलकंठ सिंह, रणविजय सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

