भंडरिया: बड़गड़ प्रखंड के परसवार पंचायत स्थित काला खजुरी गांव में गुरुवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) के तत्वावधान में नेशनल आयुष मिशन के तहत एक दिवसीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा लोगों को आयुष पद्धति से उपचार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग गईं।
स्वास्थ्य शिविर का संचालन जिला आयुष स्वास्थ्य समिति, गढ़वा द्वारा किया गया था। शिविर स्थल पर चिकित्सकों की टीम ने सबसे पहले पंजीकरण कराया और इसके बाद लोगों का क्रमवार स्वास्थ्य परीक्षण शुरू किया। जांच के दौरान ज्यादातर मरीजों में बुखार, जोड़ दर्द, चर्म रोग, पेट संबंधी बीमारी, अनीमिया और मौसम जनित अन्य सामान्य समस्याएं देखने को मिलीं। मरीजों की जांच के बाद चिकित्सकों ने सभी को निःशुल्क दवाएं प्रदान कीं और आवश्यकता अनुसार आगे की देखभाल व परहेज की सलाह भी दी।चिकित्सकों ने ग्रामीणों को बताया कि बदलते मौसम में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए स्वच्छता, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने आयुष पद्धति से उपचार के लाभों के बारे में भी लोगों को विस्तार से जानकारी दी और प्राकृतिक चिकित्सा, योग एवं जीवनशैली में सुधार के प्रति जागरूक किया।शिविर में एक सौ से अधिक मरीजों की जांच की गई, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और युवक बड़ी संख्या में शामिल रहे। स्वास्थ्य सहिया और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने लोगों को शिविर तक लाने और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस मौके पर आयुष चिकित्सक प्रभात कुमार, दीपक कुमार मेहता, जितेंद्र कुमार यादव के साथ स्वास्थ्य सहिया ललीता नगेशिया, कविता देवी, सारिका कच्छप सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने इस तरह के शिविर को बेहद उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।

